देहरादून। राजधानी देहरादून में 26 अगस्त को दो बड़े धार्मिक आयोजनों के चलते यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव रहेगा। बुधवार को टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा और बारावफात का जुलूस निकाला जाएगा। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए दून ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। सुबह से ही शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा सुबह 10 बजे शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पलटन बाजार, घंटाघर, बिंदाल, कैंट क्षेत्र, डाकरा बाजार और गढ़ी कैंट चौक होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा को देखते हुए सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक शहर में सभी लोडिंग और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी।
शोभायात्रा शुरू होने के बाद निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को जीएमएस रोड की ओर भेजा जाएगा। यात्रा के घंटाघर पहुंचने पर चकराता रोड की ओर जाने वाले वाहनों को दिलाराम चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बल्लूपुर की ओर से आने वाले यातायात को किशननगर चौक से बिंदाल चौकी कट होते हुए दिलाराम चौक की ओर भेजा जाएगा।
बारावफात जुलूस के दौरान भी बदलेगा यातायात
बारावफात का जुलूस सुबह आठ बजे से शुरू होगा। पुलिस के अनुसार जुलूस सड़क के बाईं ओर चलेगा, जबकि दाईं ओर सामान्य यातायात संचालित किया जाएगा। यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक और सहारनपुर चौक से यातायात को आंशिक रूप से डायवर्ट किया जाएगा।
जुलूस के प्रिंस चौक पहुंचने पर द्रोण कट की ओर जाने वाले वाहनों को चंदननगर कट से दून चौक की ओर भेजा जाएगा। दून चौक पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में बुद्धा चौक से आने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक होते हुए तहसील चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
बुद्धा चौक पार होने के बाद कॉन्वेंट तिराहे से मनोज क्लिनिक की ओर यातायात बंद रहेगा। वहीं क्रॉस रोड से आने वाले वाहनों को एसबीआई मुख्य शाखा की ओर निकाला जाएगा।
प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेगा पुलिस बल
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, मातावाला बाग तिराहा, बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक, दर्शनलाल चौक, प्रिंस चौक और घंटाघर सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
पुलिस के अनुसार जुलूस और शोभायात्रा के आगे बढ़ने के साथ ही पीछे के मार्गों पर यातायात को सामान्य कर दिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 26 अगस्त को अनावश्यक रूप से इन मार्गों पर जाने से बचें और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। साथ ही वाहन चालक घर से निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।
