हमारी चौपाल
देहरादून।अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर वैदिक चेस देहरादून ने सेंट्रियो मॉल में 14वीं वैदिक रैपिड एवं 15वीं वैदिक ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड सहित पांच राज्यों के 175 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। विभिन्न आयु वर्ग के 40 खिलाड़ियों को ट्रॉफी और आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने किया। उन्होंने कहा कि शतरंज रणनीति, धैर्य और सकारात्मक सोच विकसित करने वाला महत्वपूर्ण खेल है, जो बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। इस दौरान राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों कियान सिंघल, अद्विका कुमार, अनुष्का रावत और पार्क्षित नौटियाल को विशेष सम्मान दिया गया।
वैदिक चेस के निदेशक विशाल वैदिक ने बताया कि संस्था का उद्देश्य शतरंज के माध्यम से बच्चों और युवाओं में तार्किक सोच, एकाग्रता तथा निर्णय क्षमता का विकास करना है।
समापन समारोह में रचना पांधी, किरन सिंह, राजेंद्रपाल सिंह, जगमोहन रावत और यमन डबराल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों अरमान बक्शी, केशव गर्ग, अनुग्रह सिंह, देबद्रितो, काइया ध्यानज, अभिनीत सिन्हा सहित अन्य खिलाड़ियों को सम्मानित किया। टूर्नामेंट मेंटर डॉ. जसलीन कालरा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में अंकुर चोपड़ा, नीरज शाह, हरि प्रजापति और वैदिक चेस की टीम का विशेष योगदान रहा।
