देहरादून। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में दोनों महान विभूतियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया समेत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन आदर्शों को याद किया।
इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों के जीवन मूल्य आज भी समाज और सार्वजनिक जीवन के लिए प्रासंगिक हैं।
गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से समाज को शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी माना। उनके विचारों को व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। तिवारी ने कहा कि गांधी और शास्त्री दोनों सादगी, अनुशासन और कर्तव्य के प्रतीक थे तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन किया जा सकता है।
शास्त्री की सादगी राष्ट्रसेवा की मिसाल : मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन को याद करते हुए कहा कि उनकी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सीमित साधनों और सरल जीवनशैली के बावजूद शास्त्री जी ने अपने आचरण एवं निर्णयों से नेतृत्व की अनुकरणीय मिसाल कायम की।
उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष देश की सुरक्षा में जवानों और राष्ट्र निर्माण में किसानों के योगदान के महत्व को रेखांकित करता है। बर्निया ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में एमडीडीए के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान प्राधिकरण के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एमडीडीए में गांधी और शास्त्री जयंती पर श्रद्धासुमन, आदर्शों को अपनाने का संकल्प
सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों को एमडीडीए ने किया नमन
1
