Hamarichoupal,15,06,2026
देहरादून, 15 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की रणनीति के तहत कैंट पुलिस ने उत्तर प्रदेश के शातिर नकबजन गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 50 हजार रुपये की नकदी बरामद करने के साथ घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी सीज कर दी है।
जानकारी के अनुसार 9 जून को पंडितवाड़ी निवासी मनोज कुमार गुप्ता ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनकी दुकान का ताला तोड़कर नगदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच के दौरान एक बलेनो कार संदिग्ध पाई गई। सोमवार को पुलिस ने आईएमए के निकट मीठी बेरी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान उक्त कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार दो युवकों ने अपनी पहचान आमिर पुत्र बाबू खान और तुषार पुत्र बीरपाल निवासी गाजियाबाद के रूप में बताई।
सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने कैंट क्षेत्र में दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने तथा राजपुर रोड स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान का ताला काटकर वहां से नगदी और शराब चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद वे गाजियाबाद लौट गए थे और दोबारा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना से देहरादून आए थे।
पुलिस ने आमिर के पास से 40 हजार रुपये तथा तुषार के पास से 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त बलेनो कार संख्या डीएल-07-सीवाई-2175 को सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आमिर एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम समेत कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार चल रहे आश मोहम्मद उर्फ आशू और कार्तिक की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
