देहरादून/गदरपुर, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर के गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला में अमर शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने आयोजित अखंड पाठ में भाग लिया तथा गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन साहस, राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का काला अध्याय था और ऊधम सिंह ने उस अन्याय का प्रतिकार कर पूरी दुनिया के सामने भारत के आत्मसम्मान और अदम्य साहस का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का त्याग हर भारतीय को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता है। वहीं श्री गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश देती हैं, जो समाज और राष्ट्र को सही दिशा प्रदान करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शहीद ऊधम सिंह को सीएम धामी की श्रद्धांजलि, बोले— उनका बलिदान हर भारतीय के लिए प्रेरणा
गदरपुर में शहादत दिवस कार्यक्रम में किया माल्यार्पण, गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की खुशहाली की कामना
8
