देहरादून, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो तथा लोगों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी जन समस्याओं के समाधान में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चारधाम यात्रा, विशेषकर केदारनाथ यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाओं पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की सतत निगरानी और प्रभावी प्रबंधन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
वहीं विधायक भूपाल राम टम्टा ने बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बुग्याल उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं तथा स्थानीय लोगों की आजीविका और पर्यटन गतिविधियों का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। सरकार पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन और स्थानीय रोजगार के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
फोटो कैप्शन:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आए लोगों की जन समस्याएं सुनते हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जन समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश
चारधाम यात्रा की सफल व्यवस्थाओं और बुग्यालों से जुड़े स्थानीय हितों पर जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
4
