देहरादून, 24 जुलाई। हरिद्वार स्थित श्री मनसा देवी मंदिर में पुजारियों की कथित तलाशी को लेकर ब्राह्मण समाज में नाराजगी बढ़ गई है। ब्राह्मण समाज उत्थान परिषद ने इस घटना को पुजारियों के सम्मान पर आघात बताते हुए मंदिर प्रबंधन और प्रशासन से निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार लोगों से सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग की है।
परिषद के अध्यक्ष पं. सुभाष जोशी ने कहा कि यदि सुरक्षा जांच आवश्यक थी तो उसे गरिमापूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुजारियों को सार्वजनिक रूप से हाथ ऊपर कराकर तलाशी ली गई, जिससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची। परिषद का कहना है कि वर्षों से धार्मिक सेवा में लगे पुजारियों के साथ ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है।
संगठन ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि सनातन परंपरा से जुड़े पुजारियों के सम्मान की रक्षा करना है। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में 19 अगस्त को गोस्वामी तुलसीदास जयंती भव्य रूप से मनाने तथा परिषद के स्थापना दिवस कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता पं. सुभाष चंद्र जोशी ने तथा संचालन महासचिव उमानरेश तिवारी ने किया। इसमें एस.पी. पाठक, पं. शशिकांत दूबे, डॉ. वी.डी. शर्मा, विजय शंकर पांडे और आचार्य दिवाकांत दुबे सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
पुजारियों की तलाशी पर भड़का ब्राह्मण समाज, आंदोलन की चेतावनी
3
