हमारी चौपाल
देहरादून। फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ को देहरादून के दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। पिछले एक सप्ताह से लगातार हाउसफुल शो के साथ फिल्म को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया से उत्साहित फिल्म की पूरी टीम शुक्रवार को देहरादून पहुंची और मीडिया से रू-ब-रू होकर शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।
राजपुर रोड स्थित एलोरा मेल्टिंग मोमेंट्स में आयोजित मीडिया संवाद के दौरान अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने कहा कि किसी भी कलाकार के लिए दर्शकों का स्नेह सबसे बड़ा सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि ‘बेबी डू डाई डू’ को देहरादून में जिस तरह का प्रेम और अपनापन मिला है, वह पूरी टीम के लिए बेहद भावुक कर देने वाला अनुभव है।
उन्होंने बताया कि फिल्म की सफलता केवल बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं है, बल्कि दर्शकों के दिलों में मिली जगह ही इसकी वास्तविक उपलब्धि है। देहरादून के लोगों के इसी स्नेह और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से फिल्म के ‘इंडिया दर्शन’ अभियान के तहत अभिनेत्री हुमा कुरैशी, अभिनेता रचित सिंह, मरुधर शेखावत, निर्देशक नचिकेत सामंत तथा निर्माता साकिब सलीम देहरादून पहुंचे।
फिल्म की टीम ने कहा कि देहरादून के दर्शकों ने जिस आत्मीयता के साथ फिल्म को अपनाया है, वह उनके लिए किसी भी पुरस्कार से बढ़कर है। कलाकारों ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं को जोड़ने वाली एक मजबूत कड़ी है। जब दर्शक किसी कहानी को अपना लेते हैं, तो कलाकारों की जिम्मेदारी भी बनती है कि वे उस प्रेम का सम्मान करें।
कलाकारों ने कहा कि देहरादून की गर्मजोशी, आत्मीयता और सिनेमाप्रेम ने इस यात्रा को अविस्मरणीय बना दिया है। दर्शकों की तालियां, मुस्कान और अपनापन ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और यही उन्हें भविष्य में भी बेहतर कहानियां लेकर आने की प्रेरणा देता रहेगा।
मीडिया से बातचीत के दौरान हुमा कुरैशी ने देहरादून के दर्शकों और अपने लाखों प्रशंसकों का विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा, “शुक्रिया… शुक्रिया… शुक्रिया… आपका प्यार ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”
