अल्मोड़ा(आरएनएस)। पुरानी पेंशन बहाली (ओपीएस) की मांग को लेकर जिले के सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों ने रैली निकालकर विरोध जताया। कार्यक्रम की शुरुआत रैमजे इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित सभा से हुई, जिसके बाद कर्मचारी बाजार होते हुए चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क तक रैली के रूप में पहुंचे। सभा में विभिन्न ब्लॉकों से आए सैकड़ों कर्मचारियों और शिक्षकों ने भाग लिया। वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर कर्मचारियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्मिकों की मेहनत की कमाई को शेयर बाजार से जोड़ना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने एनपीएस और यूपीएस को कर्मचारियों के लिए नुकसानदेह बताते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग दोहराई और चेतावनी दी कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। सभा के बाद निकली रैली रैमजे इंटर कॉलेज से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए चौघानपाटा पहुंची। इस दौरान बाजार क्षेत्र में कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया। चौघानपाटा में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गणेश भण्डारी और संचालन जिला मंत्री भूपाल चिलवाल ने किया। इस दौरान राजू महरा, कमलेश पांडे, हरेन्द्र रावल, मनोज जोशी, डॉ. धीरेन्द्र पाठक, जगदीश भण्डारी, डीके जोशी, जगदीश बिष्ट, रविशंकर गुसाईं, भारतेन्दु जोशी, दीपशिखा मेलकानी, डॉ. कैलाश डोलिया, नितेश काण्डपाल, संजय भाटिया, दीपक तिवारी, दिगम्बर फुलोरिया, भारतेन्दु पंत, लक्ष्मण सिंह कोरंगा, जीवन साह, तारा बिष्ट सहित अन्य कर्मचारी और शिक्षक मौजूद रहे।
अल्मोड़ा : पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर गरजे कर्मचारी, निकाला जुलूस
3
