हल्द्वानी। कुमाऊं परिक्षेत्र में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2026 में अब तक कुमाऊं के छह जनपदों में पुलिस ने 2,516 वारंटियों को गिरफ्तार कर अपराधियों पर शिकंजा कसा है। वहीं, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए गए अभियान में एनडीपीएस एक्ट के तहत 554 मुकदमे दर्ज कर 726 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस दौरान 34.61 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए हैं।
शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती की अध्यक्षता में हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें कुमाऊं के सभी छह जनपदों की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। आईजी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।
ऊधमसिंहनगर में सबसे अधिक वारंटियों की गिरफ्तारी
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ऊधमसिंहनगर में सर्वाधिक 1,583 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा नैनीताल में 537, पिथौरागढ़ में 206, चम्पावत में 89, अल्मोड़ा में 65 और बागेश्वर में 36 वारंटियों की गिरफ्तारी हुई है। आईजी ने फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।
नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, करोड़ों के मादक पदार्थ जब्त
नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को लेकर कुमाऊं पुलिस ने भी सख्ती दिखाई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 554 मुकदमों में 726 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 67.59 किलोग्राम चरस, 9.652 किलोग्राम स्मैक, 1,239.747 किलोग्राम गांजा, 61,513 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल, 2,455 नशीले इंजेक्शन, 71 नशीले सिरप और 0.232 किलोग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। आईजी ने तस्करों के नेटवर्क पर प्रहार करने के साथ ही नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
साइबर ठगी पर अंकुश और पीड़ितों को राहत देने पर जोर
बैठक में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती को देखते हुए अधिकारियों को ठगी की रकम तत्काल फ्रीज कराने और पीड़ितों को उनकी धनराशि वापस दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास करने को कहा गया। इसके लिए साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न पोर्टलों और शिकायत निस्तारण प्रणालियों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अभी से तैयारी के निर्देश
आगामी विधानसभा निर्वाचन को देखते हुए आईजी ने सभी जनपद प्रभारियों को मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों को चिह्नित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने को कहा। चुनाव प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई और शस्त्र लाइसेंस धारकों के हथियार समयबद्ध तरीके से जमा कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा शीतकालीन मौसम में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, पिकेट ड्यूटी प्रभावी बनाने और पुलिस पेट्रोलिंग की नियमित निगरानी करने को कहा गया। विवाह समारोहों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में न्यायालय के निर्देशों का पालन कराने पर भी जोर दिया गया।
आईजी निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लंबित विवेचनाओं और विभागीय मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति, एसएसपी अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोडके, एसपी पिथौरागढ़ अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसपी चम्पावत रेखा यादव सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।
कुमाऊं में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 2,516 वारंटी गिरफ्तार
नशा तस्करों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई, 34.61 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ बरामद
8
