गाजियाबाद। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गाजियाबाद में विद्या भारती की ओर से आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए विद्यार्थियों में अनुशासन, एकता, सहयोग, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना का भी विकास होता है। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों की सहभागिता को उन्होंने लघु भारत का दर्शन बताते हुए कहा कि खेल का मैदान भाषा, वेशभूषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर सभी को एक सूत्र में जोड़ता है।
धामी ने कहा कि खेलों में जीत और हार दोनों का अपना महत्व है। जीत जहां आगे बढ़ने का उत्साह देती है, वहीं हार अपनी कमियों को पहचानकर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्या भारती के शैक्षिक और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत कर रही है। वर्ष 1952 में गोरखपुर में प्रथम सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से शुरू हुई यह यात्रा आज देशभर में पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इन प्रयासों से ग्रामीण और सामान्य परिवारों के युवाओं को भी अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं और संसाधनों का लगातार विस्तार कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मौका मिले।
मुख्यमंत्री ने पेरिस पैरालंपिक-2024 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि समारोह में शामिल युवा खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, खेल विभाग के अखिल भारतीय संयोजक मुक्तेश बगेशा, डॉ. विजय पाल, महेश गुप्ता सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
खेलों से अनुशासन, एकता और राष्ट्रभावना का होता है विकास : मुख्यमंत्री धामी
गाजियाबाद में 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह के विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
8
