श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शनिवार को श्रीनगर पहुंचने पर उत्साह और स्वागत का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सड़कों पर उमड़ पड़े। श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र को 9.13 करोड़ रुपये की 9 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने लंबे समय से प्रतीक्षित सिटी बस सेवा का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को 2,01,530 रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए। साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की। उन्होंने कहा कि महिला समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 9 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आम जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि पौड़ी जनपद में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और चारधाम यात्रा में हो रही ऐतिहासिक वृद्धि का लाभ स्थानीय लोगों को भी मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। चारधाम को ऑल वेदर सड़क परियोजना से जोड़ने के साथ ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में क्षेत्रवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
नौ साल बाद सड़कों पर दौड़ेगी सिटी बस
श्रीनगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने करीब नौ साल बाद नगर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके अलावा शहर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण भी किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
नगर निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, प्रोटोकॉल छोड़कर जाना हालचाल
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान उनका बच्चों के प्रति आत्मीय व्यवहार भी चर्चा का विषय रहा। कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री अपने वाहन से नीचे उतरकर उनके बीच पहुंच गए। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी भी खासे उत्साहित नजर आए।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
श्रीनगर में सीएम धामी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, 9.13 करोड़ की विकास योजनाओं की दी सौगात
करीब नौ साल बाद श्रीनगर को मिली सिटी बस सेवा, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित
2
