750 करोड़ से अधिक की लागत से बन रहे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया शुरू, नैनीसैनी हवाई अड्डे के विकास पर भी जोर
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में 284 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सीमांत जनपद को विकास की नई सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 67 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 105.30 करोड़ रुपये की लागत के 33 कार्यों का लोकार्पण तथा 178.76 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही जनपद के विकास के लिए नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना है।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई गति
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद इस क्षेत्र के प्रति श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना है। पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी से स्थानीय लोगों को होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और अन्य व्यवसायों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज से युवाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मेडिकल कॉलेज विकसित किया जा रहा है, जहां एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे सीमांत जनपद के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को भी गति मिलेगी।
उन्होंने पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क एवं पुल परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे गंगोलीहाट की दूरी कम होगी और प्रसिद्ध हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना आसान होगा। इसके साथ ही पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई संपर्क को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नैनीसैनी हवाई अड्डे को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
भर्ती व्यवस्था और महिला सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, कठोर नकल विरोधी कानून के तहत नकल माफिया के विरुद्ध कार्रवाई की गई है और 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और दंगा विरोधी कानून जैसे फैसलों को उन्होंने राज्यहित में उठाए गए कदम बताया। ऑपरेशन कालनेमि के तहत फर्जी पहचान के जरिए लोगों को भ्रमित करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मिलेगी मजबूती
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इससे मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से गुंजी और आदि कैलाश की यात्रा अधिक सुगम हुई है। उन्होंने क्षेत्र में धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया।
पिथौरागढ़ को मिलीं नौ प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास के लिए नौ घोषणाएं कीं। इनमें नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क का सुधारीकरण और हॉटमिक्स कार्य तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करना शामिल है।
इसके अलावा अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मवानी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने, मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति देने, अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य कराने, ज्याला मंदिर छाना पाण्डेय में सीसी मार्ग बनाने, ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण कराने तथा चण्डाक-छेड़ा दिगतोली सड़क का सुधारीकरण एवं चौड़ीकरण करने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, महापौर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी एवं हेमराज बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
पिथौरागढ़ को 284 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, 67 कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
33 योजनाओं का लोकार्पण और 34 का शिलान्यास, सीमांत जिले को मिलीं नौ बड़ी विकास योजनाएं
3
