पंचकूला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पंचकूला के ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ‘नमो क्रिकेट लीग’ में प्रतिभाग कर युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ स्वयं क्रिकेट खेलकर खेल के मैदान में युवाओं का हौसला बढ़ाया। उन्हें अपने बीच क्रिकेट खेलता देख खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों एवं युवाओं को ‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ का संकल्प दिलाते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल, रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, धैर्य और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। खेल के मैदान में खिलाड़ी जीत से विनम्रता और हार से सीख लेकर आगे बढ़ना सीखता है।
नमो क्रिकेट लीग में देश के विभिन्न हिस्सों से 30 से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी प्रतिभा और उत्साह की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
धामी ने कहा कि यदि जीवन में कोई लत लगानी है तो खेल और फिटनेस की लत लगाएं तथा यदि कोई जुनून पालना है तो अपने सपनों और लक्ष्यों को हासिल करने का जुनून पालें। उन्होंने कहा कि एक युवा नशे से बचेगा तो एक परिवार बचेगा, परिवार बचेगा तो समाज मजबूत होगा और मजबूत समाज से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान और सम्मान मिला है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों ने युवाओं को खेलों तथा स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज गांवों और छोटे शहरों से निकलने वाली खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं।
हरियाणा की खेल प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी कहा जाता था कि ‘पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब’, लेकिन आज यह सोच बदल चुकी है। अब कहा जा सकता है कि ‘खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब।’ इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं युवाओं ने सामूहिक रूप से ‘नशे को ना, खेल को हां’ का संकल्प लिया।
नमो क्रिकेट लीग में धामी ने खिलाड़ियों संग खेला क्रिकेट
युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
1
