देहरादून/विकासनगर, 20, सितंबर। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर ने वार्ड संख्या-92 के शिव कॉलोनी एवं कृष्णा विहार तथा वार्ड संख्या-93 के शिवदर्शन कॉलोनी, बनियावाला में राज्य योजना के अंतर्गत लगभग 25.23 लाख रुपये से अधिक की लागत से निर्मित होने वाले आंतरिक मार्गों के इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा निर्माण कार्य का विधिवत पूजन कर शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। आंतरिक मार्गों के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा सड़क संबंधी जनसुविधाओं में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार सड़क, पेयजल, जल निकासी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्यों का लाभ लंबे समय तक क्षेत्रवासियों को मिल सके। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण करने तथा कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की आवश्यकताओं और स्थानीय निवासियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण कर क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
इस दौरान पर क्षेत्रीय पार्षद श्री अनिल नौटियाल जी, भाजपा देहरादून ग्रामीण के जिला महामंत्री श्री दर्शन सिंह रावत जी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी धर्मपाल बिष्ट जी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारिगण सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं क्षेत्रवासी मौके पर उपस्थित रहे।
