देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की अगस्त 2026 की किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इसके तहत 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की पेंशन राशि भेजी गई। अगस्त माह में विभिन्न योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।
आधार नहीं तो अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित किया जाए और उनके लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए।
प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि अगस्त माह में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के कुल 9,91,914 लाभार्थियों के लिए राशि निर्धारित की गई है। इनमें 2,14,711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) तथा 7,77,203 लाभार्थी राज्य स्तर की योजनाओं के अंतर्गत शामिल हैं। भुगतान में करीब 140.11 करोड़ रुपये राज्यांश और 6.94 करोड़ रुपये केंद्रांश है।
वृद्धावस्था पेंशन में सबसे ज्यादा नए लाभार्थी
अगस्त में स्वीकृत 5,605 नई पेंशन में वृद्धावस्था पेंशन के 3,945, विधवा पेंशन के 1,000, दिव्यांग पेंशन के 416, किसान पेंशन के 106, परित्यक्ता पेंशन के 23 तथा भरण-पोषण अनुदान के 115 लाभार्थी शामिल हैं।
बैठक में बताया गया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की ओर से 18 और 19 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है। सम्मेलन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता से जुड़े विषयों पर केंद्र, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच संवाद होगा।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजानदास, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव विक्रम यादव, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल, सहायक निदेशक हेमलता पांडेय सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
9.91 लाख लाभार्थियों को 147 करोड़ की सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी
वन-क्लिक से अगस्त की किस्त खातों में पहुंची, 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत
3
