देहरादून, 1 सितंबर। प्रदेश के सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले 20 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अब चित्रों और भाषणों के माध्यम से विकसित भारत के अपने सपनों और संकल्प को सामने रखेंगे। इसके लिए प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
विद्यालयी, संस्कृत, तकनीकी और उच्च शिक्षा संस्थानों में आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ ही उनमें विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है। प्रतियोगिताओं के तहत छात्र-छात्राएं चित्रकला और भाषण के माध्यम से विकसित भारत को लेकर अपने विचार, सपने और भविष्य की कल्पना प्रस्तुत करेंगे।
विद्यालयी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को अपने शासकीय आवास पर चारों विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक में अधिकारियों को अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
विद्यालय स्तर पर चयनित उत्कृष्ट प्रतिभागियों को जिला और राज्य स्तर पर मिलेगा मंच। विद्यालयों में उत्कृष्ट चित्रों और रचनात्मक प्रस्तुतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जिला स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन करेंगे, जबकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
डाॅ. रावत ने सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयी, संस्कृत, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय के साथ विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर अभियान को प्रत्येक शिक्षण संस्थान तक प्रभावी रूप से पहुंचाने को कहा।
बैठक में सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक गैरोला, सचिव विद्यालयी शिक्षा डाॅ. ज्योति यादव, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे, अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, निदेशक माध्यमिक शिक्षा वीपी सिमल्टी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
20 लाख छात्र दिखाएंगे ‘विकसित भारत’ का सपना, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता से होगा प्रतिभा का प्रदर्शन
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों में होंगे आयोजन, जिला से राज्य स्तर तक चुने जाएंगे प्रतिभागी
1
