अनुराग गुप्ता
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में पौधरोपण कर इसके विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने खटीमा के विकास को गति देने के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करने, खटीमा में स्टेडियम और क्रियाशाला के निर्माण, सर्किट हाउस बनाने तथा वेंडिंग जोन विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश जाने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यहां सर्किट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तार और आवश्यक संसाधनों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
हरित वातावरण के साथ पर्यटन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्क परिसर में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक शौचालय निर्माण के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन के दौर में वनों और पर्यावरण का महत्व लगातार बढ़ रहा है। इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। सरकार प्रकृति और पर्यावरण के साथ संतुलन बनाते हुए आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर पैदा किए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

सांसद अजय भट्ट ने सरकार के विकास कार्यों को सराहा
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तार के साथ-साथ जर्जर वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित कर नया कार्यालय बनाने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया। उन्होंने खटीमा में नगर वन ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री मोहिनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, किशन सिंह किन्ना, रणजीत सिंह नामधारी, डॉ. जेड.ए. वारसी, गुड्डू टम्टा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, रणदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वन संरक्षक नीतिशमणि त्रिपाठी, डीएफओ दीपक सिंह, यू.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
