देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उत्तराखंड के युवाओं तक पहुंचाने के लिए कौशल और भाषा प्रशिक्षण पर जोर दिया। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा से मुलाकात के दौरान उन्होंने संबंधित देशों में रोजगार की संभावनाओं और कुशल मानव संसाधन की जरूरत पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय कर विदेशों में रोजगार की मांग का आकलन करने और उसके अनुरूप युवाओं के प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के होम स्टे, फार्मा, आयुर्वेद, वेलनेस और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा दिया जाए।
जाम्बिया में शिक्षा व कृषि, जमैका में पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा, कृषि व नर्सिंग तथा इथियोपिया में प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, फार्मा और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बताई गईं। बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडेय भी मौजूद रहे।
विदेशों में रोजगार के अनुरूप युवाओं को दिया जाए कौशल व भाषा प्रशिक्षण
8
