देहरादून, 25 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित ‘सशक्त बहना उत्सव’ के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किए जा रहे उत्पाद प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय हुनर की पहचान हैं। इन उत्पादों की खरीदारी से न केवल स्थानीय कारीगरों और महिला उद्यमियों को बाजार मिलता है, बल्कि उनकी आजीविका और आर्थिक आत्मनिर्भरता भी मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रदेशवासी त्योहारों पर उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीद में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। स्थानीय स्तर पर तैयार प्रत्येक उत्पाद की खरीद किसी परिवार की आय बढ़ाने और किसी महिला के स्वरोजगार को मजबूती देने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देश में स्थानीय उत्पादों के प्रति विश्वास को मजबूत किया है। राज्य सरकार भी महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पादों की खरीद करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से आत्मनिर्भर उत्तराखंड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।
त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को दें प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी
सशक्त बहना उत्सव के स्टालों से मुख्यमंत्री ने की स्थानीय उत्पादों की खरीद, ‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-अभियान बनाने की अपील
1
