विकासनगर। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सरकार के दबाव में काम कर रहा है और एसआईआर के नाम पर फर्जी आपत्तियां दर्ज कराकर आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं का विश्वास सर्वोपरि है, ऐसे में चुनावी प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की आशंका पैदा होना गंभीर विषय है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार को किस बात का डर है, जिसके चलते चुनावी प्रक्रिया में इस तरह का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम प्रभावित नहीं होना चाहिए।
अर्चना रावत ने फर्जी आपत्तियों और गलत तरीके से मतदाताओं के नाम प्रभावित करने के प्रयासों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि आम लोगों को दस्तावेजों और आपत्तियों के नाम पर अनावश्यक परेशान करने के बजाय प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाना चाहिए।
प्रेस वार्ता में पूर्व जिला पंचायत सदस्य परमाल सिंह, पूर्व प्रधान सुंदर थापा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पात्र मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा करने और आम जनता को अनावश्यक परेशानी से बचाने की मांग की।
एसआईआर को लेकर ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत की प्रेस वार्ता, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
4
