देहरादून। धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सोमवार को आढ़त बाजार का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाजार में चल रहे कार्यों की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार नवीन आढ़त बाजार का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
निरीक्षण के दौरान विधायक विनोद चमोली ने विकास कार्यों पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आढ़त बाजार में भूखंडों एवं दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया सितंबर माह तक हर हाल में पूरी की जाए, ताकि व्यापारियों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
पार्किंग शुल्क होगा निर्धारित
आढ़त बाजार में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों को पार्किंग शुल्क निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए पार्किंग निशुल्क रखने की बात कही गई। अधिकारियों को पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए गए।
NHAI से समन्वय पर जोर
बाजार के आसपास यातायात व्यवस्था को लेकर भी विधायक ने अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के साथ समन्वय स्थापित कर आढ़त बाजार और आसपास के क्षेत्र का विकास यातायात की दृष्टि से व्यवस्थित तरीके से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजार के विकास के साथ व्यापारियों और स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलनी चाहिए।
समयसीमा में पूरे हों सभी कार्य
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आढ़त बाजार से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि बाजार को बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए प्राधिकरण पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया सितंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुरूप संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आवंटन प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ ही पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विधायक विनोद चमोली ने कहा कि आढ़त बाजार के विकास और पुनर्व्यवस्थापन से व्यापारियों तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
आढ़त बाजार के विकास कार्यों में तेजी, सितंबर तक पूरी होगी आवंटन प्रक्रिया
विधायक विनोद चमोली और एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
15
