अनुराग गुप्ता
देहरादून, 31 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सहसपुर पुलिस ने गौकशी के एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी पर सहसपुर और सेलाकुई क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मिलकर गौकशी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 29/30 जुलाई की रात ग्राम खुशहालपुर में गौकशी की सूचना पर पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर सावेज नामक आरोपी को अवैध गौमांस और घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व चाकू के साथ गिरफ्तार किया था, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए थे। पूछताछ में कई अन्य आरोपियों के नाम सामने आए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
इसी अभियान के तहत पुलिस ने फरार चल रहे वसीम (34 वर्ष), निवासी खुशहालपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गौवंश संरक्षण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
