हमारी चौपाल
देहरादून, 30 जुलाई। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) ने आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के समर्थन में पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संदीप पटवाल ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाकर किसानों, युवाओं और आम जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा सहित वरिष्ठ नेताओं ने आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में उत्तराखंड संगठन को सक्रिय करने और एनडीए के पक्ष में जनसमर्थन बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष संदीप पटवाल ने कहा कि प्रदेश में पार्टी का तेजी से विस्तार किया जाएगा तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा आगामी चुनाव में एनडीए की जीत में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
