बागेश्वर(आरएनएस)। रुद्रपुर के रेशमबाड़ी वार्ड-13 में एक युवती पर घर में घुसकर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पिता, भाई, सौतेली मां और चार अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रेशमबाड़ी वार्ड-13 निवासी गुलनिशा ने कोतवाली रुद्रपुर में दी गई तहरीर में बताया कि उसके पिता शाकुल नबी और भाई मुर्शीद लंबे समय से उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। आरोप है कि पिता की दूसरी शादी के बाद वह सौतेली मां मीना कुमारी और बड़े बेटे के साथ अलग रहने लगे थे। पीड़िता के अनुसार, 24 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे शाकुल नबी, मुर्शीद, मीना कुमारी और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के चार-पांच अन्य लोग एक राय होकर उसके घर में घुस आए। सभी के हाथों में तलवार, चाकू और दराती जैसे धारदार हथियार थे। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की नीयत से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके बायें हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि सिर, गर्दन और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मकान पर कब्जे की नीयत से उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
बागेश्वर : घर में घुसकर युवती पर धारदार हथियारों से हमला
3
