हमारी चौपाल
देहरादून। बीरोंखाल जिला निर्माण एवं जन विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर बीरोंखाल क्षेत्र के विकास और लंबे समय से लंबित जनहित के मुद्दों को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने राजकीय महाविद्यालय बेदीखाल में भौतिक विज्ञान एवं गणित के प्राध्यापकों की नियुक्ति, स्यूंसी तहसील भवन का शीघ्र निर्माण, प्रस्तावित झील परियोजना को गति देने, ग्रामीण एवं संपर्क सड़कों के निर्माण, सरकारी अस्पतालों में रिक्त पदों को भरने तथा बीरोंखाल को पृथक जनपद घोषित करने की प्रमुख मांगें उठाईं।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने बीरोंखाल को जिला बनाए जाने की मांग पर भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगी और पर्वतीय क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रतिनिधिमंडल में मोहन सिंह कंडारी, भूपेंद्र सिंह रावत, डॉ. सुनीता बौड़ाई, सतीश बौड़ाई, भानु प्रसाद सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर बीरोंखाल के विकास को नई दिशा देगी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने में सहयोग के लिए डॉ. सुनीता बौड़ाई का भी विशेष आभार व्यक्त किया।
