हमारी चौपाल
देहरादून/चमोली, 13 जुलाई। श्री बदरीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) की कार्रवाई के बाद चमोली पुलिस ने मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की तहरीर पर कोतवाली श्री बदरीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विभागीय जांच समिति की प्रारंभिक जांच में थाली भेंट की गणना के दौरान धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अवैध रूप से निजी हित में ले जाने के आरोप सामने आए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत विश्लेषण किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले गया। विवेचना में यह भी पाया गया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला तथा केसर के पैकेट भी अवैध रूप से अपने कब्जे में लिए।
