Hamarichoupal,21,06,2026
देहरादून, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा सिटी फॉरेस्ट पार्क में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, विभिन्न विभागों के अधिकारी, योग प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
प्रकृति की गोद में आयोजित कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। वहीं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद और वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के समापन पर एमडीडीए उपाध्यक्ष ने योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सिटी फॉरेस्ट पार्क का किया निरीक्षण
योग कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सिटी फॉरेस्ट Park का निरीक्षण कर विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिल्ड्रन पार्क, कैफेटेरिया, साइकिल ट्रैक, थ्री-डी मूवी थिएटर, सोलर प्लांट, नर्सरी, ओपन जिम और ईवी चार्जिंग स्टेशन सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
मुख्य सचिव ने पार्क आने वाले लोगों से फीडबैक लेने के लिए क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क की स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे शहरी जीवन के बीच प्रकृति से जुड़ने का उत्कृष्ट माध्यम बताया।
एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा, ताकि सिटी फॉरेस्ट पार्क को और अधिक आधुनिक एवं जनहितैषी बनाया जा सके।
