Hamarichoupal,04,06,2026
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे और उससे जुड़े कार्यक्रमों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के दावे पूरी तरह हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रैली का रद्द होना वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के रुझान का संकेत है।
चौहान ने कहा कि राहुल गांधी जब भी उत्तराखंड आते हैं, तब वे रचनात्मक सुझाव देने के बजाय तुष्टिकरण और समाज में विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा देने का प्रयास करते हैं, जिससे राज्य की जनता को कोई लाभ नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सैनिकों के सम्मान की बात तो करती है, लेकिन अतीत में सेना और सैनिकों की निष्ठा तथा क्षमता पर सवाल उठाती रही है। ऐसे में सैनिकों से मिलने का कार्यक्रम केवल राजनीतिक दिखावा है।
भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस सैनिकों के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, जिसे जनता भली-भांति समझती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मंशा में खोट की कई तस्वीरें पहले भी सामने आ चुकी हैं।
अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए चौहान ने कहा कि एक ओर कांग्रेस विभिन्न मामलों में सीबीआई जांच की मांग करती है, वहीं दूसरी ओर इस मामले में जांच प्रक्रिया पर भरोसा नहीं जताती और इसे राजनीतिक रंग देने का प्रयास करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शुरू से ही इस मामले को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करना चाहती थी और कांग्रेस नेतृत्व द्वारा इस विषय को राहुल गांधी के समक्ष उठाना इसका प्रमाण है।
चौहान ने कहा कि राज्य की जनता कांग्रेस के भ्रमजाल में आने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस की राजनीति और दुष्प्रचार को समझ चुकी है तथा आने वाले समय में कांग्रेस को इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
