Hamarichoupal,05,06,2026
देहरादून, 04 जून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित कार्लीगाड़ क्षेत्र का दौरा कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में जमा आपदा का मलवा आगामी 15 दिनों के भीतर पूरी तरह हटाया जाए तथा भविष्य में नुकसान से बचाव के लिए उसका वैज्ञानिक तरीके से चैनलाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री जोशी ने जिलाधिकारी देहरादून को आपदा प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास हेतु शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जोखिम वाले क्षेत्रों में रह रहे लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही कार्लीगाड़, शेरा गांव एवं अन्य प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक एवं स्थायी सुरक्षा कार्य जल्द शुरू करने के भी निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और मानसून से पहले सभी आवश्यक राहत एवं सुरक्षा कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ग्राम प्रधान राकेश जवाड़ी सहित वन, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, जल संस्थान, जल निगम, सिंचाई, पीएमजीएसवाई एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
