Hamarichoupal,02,06,2026
देहरादून, 2 जून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत जिला प्रशासन ने विकासनगर तहसील के शीशमबाड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर बने अवैध मजार और अन्य अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर राजस्व विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। प्रशासनिक जांच में संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज पाई गई थी, जिस पर अवैध कब्जा कर मजार संचालित किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार नियमानुसार नोटिस और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जनपद की विभिन्न तहसीलों में चिन्हित अतिक्रमण स्थलों का सर्वेक्षण कर चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि जनता की संपत्ति है और उसके संरक्षण के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। साथ ही नए अतिक्रमण रोकने के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
