Hamarichoupal,01,06,2026
देहरादून, 1 जून। जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए देहरादून प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने घोषणा की है कि अब प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाला जनता दरबार ‘समाधान दिवस’ के रूप में संचालित किया जाएगा। इस दौरान प्राप्त सभी शिकायतों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग, ट्रैकिंग और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित पहले समाधान दिवस में कुल 132 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सबसे अधिक मामले भूमि विवादों से जुड़े रहे। इसके अलावा ऋण माफी, आर्थिक सहायता, सड़क, सार्वजनिक मार्ग और पैदल पुलिया से संबंधित समस्याएं भी सामने आईं।
भूमि विवादों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनपद स्तर पर एक उच्च स्तरीय विशेष सेल गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह सेल सीमांकन, कब्जा, अतिक्रमण, किरायेदार विवाद, ऋण भुगतान और अन्य राजस्व मामलों का फास्ट ट्रैक मोड में निस्तारण करेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सड़क संपर्क से वंचित दूरस्थ गांवों में गर्भवती महिलाओं का डेटा तैयार कर उनकी नियमित निगरानी की जाए। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं को प्रसव से पूर्व सुरक्षित अस्पतालों में भर्ती कराने और अस्पतालों में टोकन व्यवस्था लागू करने के भी निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में 89 वर्षीय पूर्व सैनिक राधेश्याम ने किरायेदार द्वारा मकान खाली न करने और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बुजुर्ग भरत भूषण मित्तल की संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम सदर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण, ओलावृष्टि से फसल क्षति, आर्थिक सहायता और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं पर भी संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डालनवाला निवासी मुस्कान द्वारा पुत्र की स्कूल फीस न जमा होने के कारण प्रमाणपत्र रोके जाने का मामला भी जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान के लिए भेजा।
इसके अलावा चकराता, क्वांसी और लाखामंडल क्षेत्रों में ‘खुशियों की सवारी’ एंबुलेंस सेवा शुरू करने तथा देहरादून-डोईवाला-भानियावाला-जौली-थानो मार्ग पर बस सेवा संचालित करने के प्रस्तावों पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।
