HamariChoupal,24,05,2026
देहरादून। भारत के पहले ‘लेखक गाँव’ में आयोजित रस्किन बॉन्ड फेस्टिवल साहित्य, कला और संस्कृति का उत्सव बनकर उभरा। द रस्किन बॉन्ड फाउंडेशन और स्टोनएक्स ग्लोबल के तत्वावधान में हुए महोत्सव में देशभर से साहित्य प्रेमी, कलाकार और विद्यार्थी जुटे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और विशिष्ट अतिथि पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी रहीं। डॉ. बेदी ने लेखक गाँव को संवेदनशीलता और रचनात्मक चेतना का जीवंत केंद्र बताया। डॉ. निशंक ने युवाओं से पुस्तकों और संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया।
महोत्सव में रस्किन बॉन्ड के जीवन पर आधारित फिल्म ‘मास्टरी’ का प्रदर्शन हुआ। कवयित्री प्रिया मलिक ने काव्य पाठ किया। लेखक सक्षम गर्ग और एरिक चोपड़ा के बीच ‘यथार्थ पात्रों का निर्माण’ विषय पर पैनल चर्चा हुई।
लेखक गाँव की निदेशक विदुषी ‘निशंक’ ने कहा कि ऐसे आयोजन रचनात्मक चेतना को सशक्त करते हैं। रस्किन बॉन्ड की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। समापन लोक गायिका मीना राणा की प्रस्तुति से हुआ। रस्किन बॉन्ड ने संदेश में कहा कि कहानियाँ साझा करने से ही जीवित रहती हैं।
इस दौरान सिद्धार्थ बॉन्ड, सुशांत पाठक, श्वेता अग्रवाल, श्रेयांश शर्मा समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।
