HamariChoupal,17,04,2026
चारधाम यात्रा-2026 को सुगम, सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जनपद उत्तरकाशी के दौरे पर आए अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड), डॉ. वी. मुरुगेशन द्वारा 15 व 16 अप्रैल 2026 को पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यात्रा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा, गंगोत्री धाम एवं यात्रा मार्ग का भौतिक निरीक्षण करने के उपरान्त आज दिनांक 17.04.2026 को पुलिस कार्यालय उत्तरकाशी में प्रेस-वार्ता कर श्री गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम की यात्रा की तैयारियों व सुरक्षा व्यवस्था के प्रबन्धों के सम्बन्ध में अहम जानकारी दी गयी।
एडीजी द्वारा बताया गया कि 19 अप्रैल 2026 को यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा आरम्भ हो रही है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा करवाना उत्तराखण्ड पुलिस, शासन एवं सरकार की प्राथमिकता है। सरल, सुविधाजनक तथा सुरक्षित यात्रा हेतु सभी तैयारियां एवं प्रबंध पूर्ण कर लिये गये हैं।
भीड़ एवं यातायात नियंत्रण पर चर्चा करते हुये उनके द्वारा बताया गया कि श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम के यात्रा रूट पर मुख्य-मुख्य पड़ावों, ट्रैफिक दबाव वाले स्थानों पर सुचारु यातायात व्यवस्था तथा भीड़ प्रबन्धन हेतु भारी वाहनों को दिन के समय प्रतिबन्धित रखा गया है। बाजार क्षेत्र में निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्क कर श्रद्धालुओं को पैदल भेजने की योजना के साथ पार्किंग एवं होल्डिंग प्वाइंट पर क्षमता के अनुरूप वाहनों को सुव्यवस्थित ढंग से पार्क करवाने की रणनीति तैयार की गयी है।
यात्रा रूट के नैरो पैच, दुर्घटना संभावित/संवेदनशील स्थानों, बॉटल नेक प्वाइंट्स, ब्लैक स्पॉट पर वन-वे ट्रैफिक की योजना के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तथा एसडीआरएफ की टीमें नियुक्त की गयी हैं। यातायात के सुचारू तथा व्यवस्थित संचालन के प्रयोजन हेतु कुल 38 मोटरसाइकिल के साथ 02 इंटरसेप्टर एवं 04 हाईवे पैट्रोल यूनिट, 02 क्रेन तथा पुलिस मुख्यालय की ओर से प्राप्त 6 नई बुलेट मोटरसाइकिलों को भी स्मूथ ट्रैफिक तथा भीड़ नियंत्रण हेतु लगाया गया है।
किसी भी बैरियर प्वाइंट पर श्रद्धालुओं को अनावश्यक तौर पर नहीं रोका जाएगा। जरूरी ऐहतियात/नॉर्म्स हेतु कम से कम समय के लिए ही श्रद्धालुओं को थोड़े समय के लिये रोककर पंजीकरण, मेडिकल आदि की प्रक्रिया को कम-से-कम समय में पूरा करने हेतु सभी जवानों को निर्देशित किया गया है।
यात्रा के दौरान आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने हेतु धाम एवं यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थानों पर 190 सीसीटीवी कैमरे, 3 ड्रोन के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी हेतु धामों में 6 DFMD तथा 60 HHMD अधिष्ठापित किये गये हैं। धामों पर एटीएस की हिट टीमें, बीडीएस के दस्तों के साथ सीएपीएफ के जवानों को भी नियुक्त किया जाएगा।
यात्रियों की सहायता तथा सुविधा हेतु उत्तरकाशी पुलिस द्वारा हेल्पलाइन नंबर 7455939993 एवं 9411112976 जारी किये गये हैं। इसके अतिरिक्त उत्तराखण्ड पुलिस ऐप, वेबसाइट, सोशल मीडिया आदि के माध्यम से भी सभी को यात्रा, मौसम तथा मार्गों की स्थिति के रियल टाइम अपडेट की जानकारी दी जाएगी।
यात्रा काल में सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी के साथ भ्रामक खबर प्रसारित करने तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई हेतु अलग से पुलिस टीमें सक्रिय की गयी हैं।
चारधाम यात्रा ड्यूटी हेतु पुलिस बल के लिए यात्रा मार्गों पर 6 कोतवाली/थाना, 9 रिपोर्टिंग पुलिस चौकी, 1 वाच एंड वार्ड, 13 सीजनल चौकियां के साथ 11 नवनिर्मित फैब्रिकेटेड बैरक बनाये गये हैं।
प्रेस वार्ता से पूर्व एडीजी द्वारा आज श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सभी की खुशहाली एवं सुखद यात्रा की कामना की गयी।
