Hamarichoupal,26,02,2026
अल्मोड़ा। गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में मासूम समेत 3 की मौत हो गयी और 5 घायल हो गए। बागेश्वर से अल्मोड़ा की ओर आ रहा एक वाहन गुरुवार शाम बसौली के पास करीब 150 मीटर गहरी खाई में अनियंत्रित होकर गिर गया। हादसे में एक महिला, एक पुरुष और 11 माह के मासूम सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार वाहन संख्या डीएल 9 सीबीएच 8402 में सवार लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे। बसौली के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। वाहन में 8 लोग सवार थे, जबकि दुर्घटना के दौरान एक व्यक्ति ऊपर की ओर कूद गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को 108 सेवा की मदद से पहले ताकुला लाया गया, जहां से उन्हें बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया। सभी घायलों का उपचार जारी है। दुर्घटना में मंजू देवी (44) पत्नी गोपाल राम निवासी कांडे, दिनेश राम (50) पुत्र तिल राम निवासी झिझाड़ ताकुला और रेहान (11 माह) पुत्र महेश आर्या की मौत हो गई। हादसे में जया (23) पत्नी महेश आर्या निवासी थपनिया, गोपाल आर्या (50) पुत्र शेर राम निवासी कांडे ताकुला, संजय (21) पुत्र बलराम निवासी कांडे ताकुला, महेश आर्या (25) पुत्र जसवंत राम निवासी थपनिया तथा चालक अर्जुन कुमार (36) पुत्र केशव राम निवासी फतेहपुर बेरी साउथ दिल्ली घायल हो गए। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल बना हुआ है।
