रुड़की। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जनसेवा केंद्र की आड़ में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अन्य कागजात तैयार कर रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज, मोहरें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में चलाए जा रहे सत्यापन और सघन चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। स्थानीय अभिसूचना इकाई की सूचना पर पिरान कलियर थाना पुलिस ने चारमीनार के पीछे स्थित अलीशान होटल में छापा मारा। यहां शाहिदा मानवाधिकार जनसेवा केंद्र के नाम से चल रहे कमरे में एक युवक संदिग्ध गतिविधियां करते मिला।
पूछताछ में आरोपी ने खुद को बिहार का निवासी बताते हुए मानवाधिकार आयोग से जुड़ा होने का दावा किया। वह सीएससी सेंटर के नाम पर मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनाने की बात स्वीकार कर रहा था। जांच के दौरान पुलिस को जन्म प्रमाण पत्रों में गंभीर गड़बड़ी मिली। सभी प्रमाण पत्रों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित था और उन पर उत्तराखंड सरकार का लोगो भी छपा था।
नगर पंचायत पिरान कलियर से सत्यापन कराने पर प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी शहनवाज (24) पुत्र मोहम्मद प्यारे, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि कुछ दस्तावेज वह ऑनलाइन तैयार करता था, जबकि कुछ इंटरनेट से मंगाकर प्रिंट निकालकर लोगों को देता था। पुलिस के अनुसार वह अब तक करीब एक हजार से अधिक फर्जी दस्तावेज तैयार कर चुका है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 45 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, एक लैपटॉप, मोबाइल फोन, छह आधार कार्ड और सात अलग-अलग मोहरें बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
