Hamarichoupal,12,02,2026
देहरादून। शहर की व्यस्त तिब्बती मार्केट में बुधवार को दिनदहाड़े गैस एजेंसी मालिक की हत्या करने वाले दोनों आरोपी पेशेवर शार्प शूटर नहीं, बल्कि ऑटो चालक निकले। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं और देहरादून के चुक्कू मोहल्ला क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मामूली रकम के विवाद में इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना कोतवाली डालनवाला क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों आरोपी स्कूटी पर सवार होकर तिब्बती मार्केट पहुंचे और भीड़भाड़ वाले इलाके में गैस एजेंसी मालिक पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में घटित हुई, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। सुरक्षा की दृष्टि से बाजार को नियंत्रित किया गया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और शहर के प्रमुख चेक पोस्टों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी या शार्प शूटर नहीं हैं, बल्कि ऑटो चालक हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले के पीछे की साजिश व अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
