रुड़की,21,12,2025
रुड़की(आरएनएस)।भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की की ओर से रविवार को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अटल स्मृति वर्ष एवं वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना, राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करना व महान विभूतियों के जीवन मूल्यों को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना रहा। कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र, लोकतंत्र और सुशासन को समर्पित रहा है। उन्होंने राजनीति को सेवा और संवेदना से जोड़ा तथा भारतीय राजनीति को एक नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस हमें गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों के अतुलनीय साहस, त्याग और राष्ट्रधर्म की भावना का स्मरण कराता है। ऐसे महान आदर्शों को आत्मसात कर भाजपा कार्यकर्ताओं को समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करना चाहिए। जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है। अटल स्मृति वर्ष के माध्यम से पार्टी वाजपेयी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और विश्व पटल पर सम्मान की नई ऊंचाइयों को छुआ। उन्होंने कहा कि साहिबजादों का बलिदान हमें यह सिखाता है कि राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए त्याग से बड़ा कोई मार्ग नहीं होता। पूर्व विधायक करतार सिंह भड़ाना ने अपने विचार रखते हुए कहा कि अटल का जीवन सादगी, दृढ़ निश्चय और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक था। कार्यशाला में मुख्य अतिथि जिला प्रभारी आदित्य चौहान, विशिष्ट अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अनीस गौड, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, अजीत सिंह, ब्लॉक प्रमुख कविंदर चौधरी रहे। कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री सागर गोयल व अक्षय प्रताप सिंह ने किया।
