Hamarichoupal,19,06,2026
यमुनोत्री/उत्तरकाशी। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने यमुनोत्री धाम से स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय पारंपरिक ज्ञान को बढ़ावा देने का संदेश दिया। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में प्रदेश महामंत्री डॉ. हिमानी वैष्णव एवं उनकी टीम ने यमुनोत्री धाम पहुंचकर मां यमुना के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
देशव्यापी जन-जागरूकता अभियान “कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” के तहत महिला मोर्चा की टीम ने लगभग पांच किलोमीटर की पैदल यात्रा कर यमुनोत्री धाम पहुंचते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान धाम परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया तथा स्वच्छ एवं जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण यमुनोत्री धाम के पवित्र तप्त कुंड में बिना तेल और बिना किसी ईंधन के आलू एवं चावल तैयार करना रहा। यह प्राचीन पारंपरिक पद्धति स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों के सदुपयोग का जीवंत उदाहरण है। महिला मोर्चा ने इस ऐतिहासिक परंपरा को पुनर्जीवित करते हुए देशवासियों को कम तेल और प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और प्रकृति के साथ सामंजस्य आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से दिया गया यह संदेश पूरे देश में स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यालय सह-प्रभारी बबली चौहान, “राइस लेडी” के नाम से प्रसिद्ध श्वेता भंडारी, आशिता, चंडी प्रसाद बेलवाल, योगेश बधानी, मनेंद्र रावत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में यमुनोत्री धाम के तीर्थ पुरोहितों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
भाजपा महिला मोर्चा द्वारा यमुनोत्री धाम से दिया गया यह संदेश स्वस्थ भारत, स्वच्छ पर्यावरण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
