हमारी चौपाल
देहरादून/मसूरी, 16 जुलाई।
हरेला पर्व के अवसर पर मालदेवता क्षेत्र में मसूरी वन प्रभाग द्वारा आयोजित पौधरोपण अभियान का शुभारंभ प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने किया। कार्यक्रम की थीम “हर गांव का यही पैगाम-एक पेड़ मां के नाम” रही। इस दौरान वन मंत्री ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया तथा जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, लोकसभा सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, रायपुर विधायक सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
वन मंत्री ने कहा कि हरेला केवल पौधरोपण का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन है। उन्होंने पौधे लगाने के साथ-साथ उन्हें जीवित रखने पर भी विशेष जोर दिया।
वन विभाग के अनुसार हरेला पर्व के तहत 16 जुलाई से एक माह तक 10 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इनमें गढ़वाल मंडल में 5.50 लाख तथा कुमाऊं मंडल में 4.50 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। अकेले देहरादून जनपद में वन विभाग द्वारा 75 हजार तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से 15.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के अंत में प्रभागीय वनाधिकारी अमित कंवर ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
