Hamarichoupal 19,06,2026
पौड़ी, 19 जून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल स्यूंसी झील (बैराज) निर्माण परियोजना की ई-टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। लगभग 123.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस बहुउद्देशीय परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल, मत्स्य पालन, नौकायन तथा पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड बीरोंखाल में पूर्वी नयार नदी पर प्रस्तावित स्यूंसी बैराज एवं जलाशय निर्माण योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
जानकारी के अनुसार स्यूंसी बाजार के समीप बंगार झूला पुल के डाउनस्ट्रीम में 6 मीटर ऊंचाई और 60 मीटर चौड़ाई वाला बैराज प्रस्तावित है, जिसमें 10×6.5 मीटर आकार के छह गेट लगाए जाएंगे। बैराज निर्माण से लगभग 700 मीटर लंबी झील का निर्माण होगा।
महाराज ने बताया कि परियोजना के पूरा होने पर 44 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जबकि 56 गांवों में निरंतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि योजना की हाइड्रोलिक एवं स्ट्रक्चरल डिजाइन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की द्वारा तैयार की गई है। परियोजना में दो लेन के पुल और एप्रोच रोड का भी प्रावधान किया गया है, जिससे बंगार गांव को राष्ट्रीय राजमार्ग-309 से जोड़ा जाएगा। इससे पूर्वी नयार नदी के दाहिने तट पर बसे बंगार और मंगरौ सहित आसपास के ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 12,341.56 लाख रुपये की इस योजना को शासन की स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है। प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया गतिमान है तथा स्वीकृति की प्रतीक्षा के साथ ही ई-टेंडरिंग की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
स्यूंसी बैराज परियोजना के क्रियान्वयन से चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन, कृषि और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
