Hamarichoupal,31,05,2026
देहरादून, 31 मई। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मानसून से पूर्व आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को प्राथमिकता वाले कार्य 7 जून तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपदा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रविवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क, विद्युत, पेयजल, सिंचाई, नगर निगम, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने स्तर पर टास्क फोर्स, कंट्रोल रूम और वार रूम स्थापित करें तथा जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।
डीएम ने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय और संवाद आपदा प्रबंधन की सफलता की कुंजी है। किसी भी प्रकार का कम्युनिकेशन गैप कार्यों में बाधा नहीं बनना चाहिए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों पर संचालित जनहित परियोजनाओं के सभी प्राथमिकता वाले कार्य 7 जून तक पूरे किए जाएं तथा परियोजनाएं पूर्ण होने के बाद संबंधित सड़कें लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर मरम्मत एवं पुनर्स्थापन का कार्य शुरू किया जाए।
जिलाधिकारी ने मानसून से पहले नदी, नहरों और बरसाती नालों के चैनलाइजेशन कार्य पूर्ण करने, सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने तथा नालियों और स्कवरों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) की निगरानी और संवेदनशील क्षेत्रों में वाटर पंप के साथ टास्क फोर्स तैनात करने को भी कहा गया।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने कहा कि वे स्वयं शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेंगे। इसके लिए जिला स्तर पर कॉल ऑपरेटर की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के.के. मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओम पाल सिंह, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय रॉय, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सीओ सिटी नितिन लोहानी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
