हमारी चौपाल
खटीमा, 1 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा में आयोजित थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम में भाग लेकर समाज के प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बीएसएफ के एवरेस्ट विजेता मोहन सिंह राणा और आईटीबीपी के एवरेस्ट विजेता टीला सेन को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संवाद कार्यक्रम सरकार और थारू समाज के बीच विश्वास एवं विकास की साझेदारी को मजबूत करने का माध्यम है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में धर्मांतरण रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया गया है तथा नशे के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने जनजागरूकता को नशा मुक्ति का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में जनजातीय परिवारों को लाभ मिला है। शिक्षा के क्षेत्र में आश्रम पद्धति विद्यालयों के उन्नयन, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और आईटीआई संस्थानों के विकास के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने बताया कि खटीमा में बालिका छात्रावास, बाजपुर में विद्यालय एवं छात्रावास, गदरपुर में 100 बेड के छात्रावास और थारू राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान एवं ऑडिटोरियम के आधुनिकीकरण पर भी कार्य चल रहा है। महिला स्वयं सहायता समूहों को चक्रीय निधि और निवेश सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है तथा वन धन केंद्रों के माध्यम से उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, पेयजल, बिजली, गैस कनेक्शन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि थारू समाज की प्रत्येक समस्या और सुझाव सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान थारू समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए जनजातीय हितों में किए गए कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
