हमारी चौपाल
सेलाकुई, सहसपुर। सहसपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी सियासी घमासान के बीच उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने दोनों राष्ट्रीय दलों पर एक साथ तीखा हमला बोला। सेलाकुई प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में यूकेडी नेताओं ने भाजपा और कांग्रेस को “एक ही थाली के चट्टे-बट्टे” करार देते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल वर्षों से उत्तराखंड के संसाधनों की अनदेखी कर जनता के मूल मुद्दों पर केवल राजनीति करते रहे हैं।
यूकेडी के ब्लॉक अध्यक्ष यशपाल सिंह नेगी ने कहा कि सहसपुर में पिछले 15 वर्षों से भाजपा का विधायक होने के बावजूद क्षेत्र अपेक्षित विकास से वंचित है। उन्होंने शीशमबाड़ा कूड़ा निस्तारण केंद्र का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनता की परेशानी दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल चुनाव के समय सरकार को घेरती है और बाद में जनता के मुद्दों को भुला देती है।
केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र कंडवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने प्रदेश की नदियों, नालों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों को बढ़ावा दिया। उन्होंने दावा किया कि पछवादून क्षेत्र की अधिकांश सरकारी भूमि पर कब्जे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष निरंजन चौहान ने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के मूल उद्देश्य आज भी अधूरे हैं। उन्होंने पलायन, बदलती जनसांख्यिकी और स्थानीय युवाओं को रोजगार न मिलने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत रोजगार मिलना चाहिए था, लेकिन उन्हें मात्र 10 प्रतिशत रोजगार मिल रहा है। उन्होंने ठेकेदारी व्यवस्था को श्रमिक शोषण का कारण बताते हुए शीशमबाड़ा कूड़ा निस्तारण केंद्र को बीमारियों की बड़ी वजह बताया।
यूकेडी नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और आगामी चुनाव में जनता भाजपा व कांग्रेस दोनों को जवाब देगी।
पत्रकार वार्ता में केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र कंडवाल, राज्य आंदोलनकारी शकुंतला रावत, केंद्रीय सलाहकार समिति के सदस्य राजेंद्र सिंह, केंद्रीय संयोजक समिति के सदस्य, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
