Hamarichoupal 04,06,2026
अनुराग गुप्ता
देहरादून। दून पुलिस ने तड़के सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। पुलिस फरार तीन अन्य बदमाशों की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही है।
पुलिस के अनुसार, नयागांव चौकी बैरियर पर नियमित चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मारते हुए सेलाकुई की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया। आरोपी चांदनी चौक से भूरपुर की ओर भागे और रामगढ़ रपटे के पास कार छोड़कर नदी क्षेत्र की ओर फरार होने लगे।
इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। घायल आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार हेतु दून अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू मीणा (30 वर्ष) पुत्र सियाराम, निवासी ग्राम अखरोट, तहसील मण्डावर, जिला दौसा (राजस्थान) तथा विनोद कुमार मीणा (32 वर्ष) पुत्र रामलाल मीणा, निवासी झारेड़ा, तहसील हिंडौन सिटी, जिला करौली (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी रिंकू मीणा के विरुद्ध राजस्थान में हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विनोद कुमार मीणा के खिलाफ भी विभिन्न थानों में कई संगीन अपराध दर्ज बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल जाकर घायल आरोपी की स्थिति तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, जिंदा कारतूस एवं खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।
दून पुलिस फरार तीन अन्य बदमाशों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।
