विकासनगर ,03,06,2026
विकासनगर पुलिस को आत्महत्या के लिए उकसाने के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को डाकपत्थर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था।
मामला 30 मार्च 2026 का है, जब विकासनगर के जलालिया जंगल क्षेत्र में एक युवक का शव आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला था। जांच में मृतक की पहचान हरिद्वार निवासी सादिक के रूप में हुई। घटना के बाद परिजनों ने अनस पुत्र फय्याज निवासी झबरेड़ा, हरिद्वार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी। बाद में मामला कोतवाली विकासनगर स्थानांतरित किया गया, जहां धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने विकासनगर न्यायालय और उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिकाएं दाखिल कीं, लेकिन दोनों याचिकाएं खारिज हो गईं। इसके बाद पुलिस ने वारंट जारी होने पर लगातार तलाश शुरू की और 2 जून की शाम करीब 6:30 बजे आरोपी अनस को डाकपत्थर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है, जबकि उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
