सेलाकुई। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने प्रशासनिक और विभागीय व्यवस्थाओं की परीक्षा ले ली। बारिश के तेज बहाव में कांसवाली कोठरी ग्राम पंचायत के सोड़ा गांव को जोड़ने वाले पुल का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। पुल क्षतिग्रस्त होने से कई गांवों के ग्रामीणों के आवागमन पर संकट खड़ा हो गया है।
पुल टूटने की सूचना मिलते ही विधायक सहदेव सिंह पुंडीर मंगलवार तड़के ही मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आपदा प्रभावित स्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से हालात की जानकारी ली। मौके की गंभीर स्थिति को देखते हुए विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल फोन पर बात की और क्षतिग्रस्त पुल को लेकर जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए।
सिर्फ सोड़ा ही नहीं, बारिश ने सहसपुर के कई हिस्सों को प्रभावित किया है। भाऊवाला, मांडूवाला, कंडोली-पौंधा मार्ग, सुद्धोवाला स्थित सैनिक कॉलोनी, कोटरा संतौर और लोअर कोल्हूपानी समेत कई इलाकों में तेज बहाव और मलबे के कारण सड़क एवं पुल प्रभावित हुए हैं। कई स्थानों पर पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के साथ ही मलबा जमा होने से आवागमन बाधित हुआ।
विधायक ने प्रभावित मार्गों और पुलों का मौके पर निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को मलबा तत्काल हटाने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत तथा जरूरत के अनुसार पुनर्निर्माण की कार्रवाई शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रभावित मार्गों को सुरक्षित बनाकर आवागमन जल्द से जल्द बहाल किया जाए, ताकि ग्रामीणों को परेशानी न उठानी पड़े।
बारिश से पैदा हुए हालात के बीच विधायक के तड़के मौके पर पहुंचने से प्रशासनिक अमले में भी सक्रियता बढ़ी। इस दौरान युवा ग्राम प्रधान नीरज नेगी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि जनसुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और आवागमन सुचारु कराने के लिए संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश का कहर, पुल ध्वस्त; तड़के प्रभावित इलाकों में पहुंचे विधायक पुंडीर
बारिश ने खोली इंतजामों की पोल, सहसपुर में पुल का हिस्सा ढहा
10
