HamariChoupal,12,07,2025
शिमला, 13 जुलाई। चीन में आयोजित होने वाले एशिया कप महिला सॉफ्टबाल प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश की दो बेटियों का चयन हुआ है। इन दो बेटियों में जिला सिरमौर के घंडूरी से कृषिका और जिला शिमला के कोटखाई से कविता है।
यह जानकारी आल इंडिया सॉफ्टबाल फेडरेशन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष व हिमाचल प्रदेश सॉफ्टबाल संघ के सचिव संतोष चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि सॉफ्टबाल एशिया कप प्रतियोगिता चीन के शियान में 14 से 20 जुलाई तक आयोजित होगी और भारतीय टीम रविवार को रवाना हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ठ प्रदर्शन और श्रीनगर में आयोजित ट्रायल में हिमाचल से दो लड़कियों का चयन भारतीय टीम में हुआ है। जोकि प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। बता दें कि कृषिका की हाई स्कूल तक की पढ़ाई गुरुकुल स्कूल राजगढ़ से हुई है और अब वह कन्या महाविद्यालय जालंधर में शिक्षा ग्रहण कर रही है।
उनके पिता राकेश कुमार बीएसएफ में कार्यरत है और माता तृप्ता ठाकुर ग्रहिणी है। कविता एक निजी विश्वविद्यालय में अध्ययनरत है। कविता के पिता का निधन हो चुका है और माता प्रोमिला देवी ग्रहणी है। सॉफ्टबाल फेडरेशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष व विधायक चौपाल बलबीर सिंह वर्मा ने दोनों छात्राओं को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर बधाई दी।