देहरादून। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आपदा से हुए नुकसान, राहत-बचाव और पुनर्बहाली कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पूर्व निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर विशेष जोर देते हुए आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल योजनाओं, नहरों, विद्यालय भवनों सहित अन्य सरकारी परिसंपत्तियों की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोला जाए और क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा करने तथा जिन योजनाओं के लिए शासन की स्वीकृति आवश्यक है, उनके प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजने को कहा गया।
बैठक में विभागवार नुकसान की समीक्षा करते हुए पुनर्निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य हो सके। हाल ही में हुई ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों को नियमानुसार जल्द राहत उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क, पेयजल, शिक्षा और सिंचाई जैसी आवश्यक सेवाओं की बहाली में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तेजी और पारदर्शिता से कार्य करें, जिससे प्रभावित लोगों को समय पर राहत मिल सके।
बैठक में कहा गया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक के दिशा-निर्देशन और मार्गदर्शन में राज्य सरकार आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने और प्रदेश में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्बहाली कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बंद सड़कों को शीघ्र खोलने और क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने के आदेश
5
