देहरादून। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभियान के तहत प्रदेशभर में पदयात्रा, प्रेस कॉन्फ्रेंस, राष्ट्रीय चिंतन संवाद, युवा संवाद और जनसंपर्क सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने इन कार्यक्रमों के संचालन और समन्वय के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार, अभियान की प्रदेश टोली में प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर और रामपाल को शामिल किया गया है। वहीं, प्रेस कॉन्फ्रेंस के आयोजन की जिम्मेदारी प्रदेश मीडिया संयोजक मनवीर चौहान के साथ विनय गोयल और भुवन जोशी को दी गई है।
अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली पदयात्राओं के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, प्रदीप बत्रा और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि चौहान भट्ट को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की योजना विधानसभा स्तर पर राष्ट्रीय चिंतन संवाद आयोजित करने की भी है। इसके साथ ही युवाओं के बीच ‘लोकतंत्र बनाम अराजकता’ विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
युवा संवाद कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली समेत अन्य पदाधिकारियों को दी गई है। इसके अलावा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संपर्क कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। संपर्क अभियान में राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल और राकेश गिरी सहित अन्य पदाधिकारी भूमिका निभाएंगे।
वहीं, अभियान से जुड़े पत्रिका प्रकाशन एवं अन्य कार्यों की जिम्मेदारी दीप्ति रावत, विनय रुहेला और धीरेन्द्र पंवार को सौंपी गई है।
भाजपा की ओर से जारी जिम्मेदारी सूची में अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन, प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क की रूपरेखा तय की गई है। पार्टी इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेशभर में अभियान को संगठित रूप से संचालित करने की तैयारी में जुटी है।
बीजेपी का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान, प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम
पदयात्रा, प्रेस कॉन्फ्रेंस और युवा संवाद के जरिए अभियान को आगे बढ़ाएगी भाजपा, पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
5
